कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी के पूर्वांचल दौरे का कार्यक्रम 18 से 20 मार्च तक तय हुआ है, बावजूद इसके गफलत का माहौल बना हुआ है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने ट्वीट के जरिए संकेत दिया है कि प्रियंका गांधी का दौरा अभी तय नहीं है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने ट्वीट किया कि 'उत्तर प्रदेश महासचिव प्रियंका गांधी अभी आईं भी नहीं कि उनके लंबे-चौड़े प्रोग्राम आ गए। मान्यवरों, प्रियंका गांधी के प्रोग्राम की पूरी रूपरेखा अभी तैयार हो रही है और प्रशासन के समक्ष भी जा रही है। जल्द ही आप सबको सूचित किया जाएगा। प्रियंका गांधी के दौरे को लेकर आपका उत्साह स्वागत योग्य है।' बता दें कि 18 मार्च से 20 मार्च तक प्रियंका गांधी का यूपी दौरा प्रस्तावित है। जिसमें प्रियंका गांधी काशी विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के चुनाव अभियान का शंखनाद करेंगी।कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष आरपी त्रिपाठी द्वारा जारी सूची के मुताबिक प्रियंका गांधी 20 मार्च को सड़क मार्ग से मिर्जापुर से शीतला मंदिर पहुंचेंगी। वहां दर्शन के बाद महिला सहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात करेंगी। इसके बाद वह स्टीमर के जरिए शूलटंकेश्वर मंदिर जाएंगी। यहां दर्शन पूजन के बाद वापस रामनगर पहुंचेंगी। देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जन्मस्थली पर भी जाएंगी।
लोकसभा चुनाव 2019 : राज बब्बर के ट्वीट से प्रियंका गांधी के पूर्वांचल दौरे पर असमंजस